गोपालगंज और बक्सर में सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों में तेजी लाएं : श्री मिथिलेश तिवारी
Kaushlendra pandey / पटना। शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी ने शुक्रवार को एनएचएआई के अधिकारियों के साथ बैठक कर गोपालगंज एवं बक्सर जिले में चल रहे सड़क, पुल एवं अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा स्थानीय लोगों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया।
बैठक में गोपालगंज से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा करते हुए शिक्षा मंत्री ने डुमरिया पुल एवं डुमरिया मंदिर के निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही महम्मदपुर सर्विस रोड के निर्माण में तेजी लाने को कहा।
श्री तिवारी ने रामजानकी पथ पर कृतपुरा बाजार के पास सड़क पर हुए बड़े गड्ढे को तत्काल ठीक कराने का निर्देश दिया ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने फूटानीगंज पेट्रोल पंप के पास कट शुरू करने के कार्य में अब तक हुई देरी पर भी अधिकारियों से जानकारी ली और इसे जल्द शुरू कराने को कहा। बैठक में बरहिमा में फुट ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर भी चर्चा हुई। शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्थानीय लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।
बैठक में एनएच-319 पर बक्सर जिले के नवानगर प्रखंड के परमानपुर की समस्या पर भी विस्तार से चर्चा हुई। शिक्षा मंत्री ने बताया कि ओवरब्रिज के पास पुल निर्माण के कारण जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिससे आसपास के खेतों में पानी भर रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को नाला निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही, एक तरफ के सर्विस रोड का निर्माण जल्द पूरा कराने को कहा। श्री तिवारी ने कहा कि इस क्षेत्र में विद्यालय भी स्थित है, इसलिए विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों के आवागमन को देखते हुए सर्विस रोड एवं जल निकासी की व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने जरूरी है। बैठक में हनुमान मंदिर से जुड़े मसले पर भी चर्चा हुई। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा मंदिर को दूसरी जगह स्थानांतरित किए जाने की सहमति के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कही गई।
बैठक में एनएचएआई पटना के क्षेत्रीय पदाधिकारी, पटना और मोतिहारी के परियोजना निदेशक तथा छपरा के कार्यपालक अभियंता मौजूद रहे।