उत्तर प्रदेश के वैश्विक व्यापार को नई रफ्तार, पीयूष गोयल ने 2030 तक ₹5 लाख करोड़ निर्यात का लक्ष्य बताया
प्रियंका भारद्वाज / नई दिल्ली। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने उत्तर प्रदेश में बढ़ते वैश्विक व्यापार और निवेश के अवसरों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मुक्त व्यापार समझौतों के माध्यम से वैश्विक बाजारों तक बढ़ती पहुंच का लाभ उत्तर प्रदेश के उद्यमियों को मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत के विभिन्न देशों के साथ किए जा रहे मुक्त व्यापार समझौते भारतीय कारोबारियों और निर्यातकों के लिए नए बाजारों के द्वार खोल रहे हैं। इससे उत्तर प्रदेश के उद्यमियों को भी वैश्विक बाजार में अपनी उपस्थिति बढ़ाने और नए व्यापारिक अवसर हासिल करने में मदद मिलेगी।
उत्तर प्रदेश के निर्यात को लेकर एक महत्वाकांक्षी लक्ष्य भी सामने रखा गया है। राज्य का वार्षिक निर्यात वर्तमान में लगभग ₹2 लाख करोड़ है, जिसे वर्ष 2030 तक बढ़ाकर ₹5 लाख करोड़ करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए वैश्विक बाजारों में उत्तर प्रदेश के उत्पादों की पहुंच बढ़ाने, राज्य के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार के अवसरों से जोड़ने तथा निवेश को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश की बड़ी आबादी, विविध औद्योगिक आधार, कृषि एवं विनिर्माण क्षेत्र तथा पारंपरिक उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की व्यापक संभावनाएं हैं। मुक्त व्यापार समझौतों के जरिए इन क्षेत्रों के उत्पादों के लिए नए बाजार उपलब्ध होने की उम्मीद है।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अनुसार, वैश्विक व्यापार के बदलते परिदृश्य में भारत के राज्यों की निर्यात क्षमता को मजबूत करना महत्वपूर्ण है। इसी दिशा में उत्तर प्रदेश को भी वैश्विक व्यापार और निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
कंट्री इनसाइड समाचार एजेंसी