उदयन केयर ने पटना में 30 मेधावी छात्राओं का किया स्वागत / शालिनी फेलोशिप के दूसरे बैच के इंडक्शन समारोह में उच्च शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगारपरक अवसरों पर जोर
प्रियंका भारद्वाज //पटना, 27 सितंबर 2026।पटना के एल.एन. मिश्रा संस्थान में रविवार को उदयन केयर शालिनी फेलोशिप (USF) के दूसरे बैच का इंडक्शन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाली 30 मेधावी छात्राओं, जो सरकारी विद्यालयों से शिक्षा प्राप्त कर रही हैं, का शालिनी फेलोशिप परिवार में स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार की प्रथम महिला आईपीएस अधिकारी श्रीमती मंजरी जरुहार, जेवियर यूनिवर्सिटी पटना के कुलपति डॉ. फादर मार्टिन पोरस, उदयन केयर की संस्थापक एवं ट्रस्टी श्रीमती किरण मोदी तथा कार्यक्रम समन्वयक सुश्री स्वाति ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर छात्राओं को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आर्थिक परिस्थितियां प्रतिभा और सपनों की राह में बाधा नहीं बननी चाहिए। उच्च शिक्षा, उचित मार्गदर्शन, कौशल विकास और निरंतर मेंटरिंग के माध्यम से छात्राओं को आत्मनिर्भर एवं रोजगार के लिए तैयार किया जा सकता है।
शालिनी फेलोशिप के लिए छात्राओं का चयन ‘एनएटी’ (आवश्यकता, मूल्यांकन एवं प्रतिभा) मॉडल के तहत लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के माध्यम से किया गया है। फेलोशिप का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि की मेधावी छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए सहयोग प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें मेंटोरिंग, कौशल विकास एवं रोजगारपरक अवसरों से जोड़ना है।
पटना में वर्ष 2025 में शुरू किए गए शालिनी फेलोशिप चैप्टर के माध्यम से छात्राओं को शिक्षा के साथ उनके समग्र विकास पर केंद्रित सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। उदयन केयर का यह कार्यक्रम वर्ष 2002 से अब तक 15 राज्यों में 18,500 से अधिक छात्राओं को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर चुका है।
कार्यक्रम में छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए फेलोशिप के माध्यम से मिलने वाले शैक्षणिक सहयोग, मार्गदर्शन एवं कौशल विकास के अवसरों के प्रति उत्साह व्यक्त किया। समारोह ने छात्राओं को अपने सपनों को आगे बढ़ाने, आत्मविश्वास के साथ नए अवसरों का लाभ उठाने तथा भविष्य में समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।