टीबी मुक्त बिहार के संकल्प को लेकर राज्यपाल के साथ स्वास्थ्य मंत्री निशांत, उच्चस्तरीय संगोष्ठी में बनी रणनीति
Kaushlendra Pandey पटना। बिहार लोक भवन, पटना में ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत ‘टीबी मुक्त बिहार उच्चस्तरीय विचार-विमर्श संगोष्ठी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल श्री सय्यद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) जी के साथ माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत जी शामिल हुए।
संगोष्ठी में बिहार को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान टीबी की समय पर पहचान, जांच एवं उपचार को और प्रभावी बनाने तथा मरीजों तक स्वास्थ्य सेवाओं की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में टीबी मरीजों के उपचार के प्रति नियमितता बनाए रखने, समय पर दवा लेने और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। विशेषज्ञों एवं संबंधित अधिकारियों ने टीबी उन्मूलन अभियान को जनभागीदारी से और प्रभावी बनाने पर अपने विचार रखे।
स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत जी ने टीबी उन्मूलन को स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए समय पर जांच और उपचार की सुविधा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की दिशा में निरंतर प्रयास की बात कही।
संगोष्ठी का उद्देश्य बिहार में टीबी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और गति देना तथा वर्ष 2025 के वैश्विक लक्ष्य के बाद भी टीबी उन्मूलन की दिशा में निरंतर ठोस प्रयासों को आगे बढ़ाना है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सा विशेषज्ञों एवं संबंधित क्षेत्र के प्रतिनिधियों की सहभागिता रही।
पटना से कंट्री इनसाइड समाचार एजेंसी की रिपोर्ट।