रामेश्वर महाविद्यालय में मनाई गई गांधी व शास्त्री जयंती, सादगी और अहिंसा के मार्ग पर चलने का स्वयंसेवकों ने लिया संकल्प
प्रियंका भारद्वाज मुजफ्फरपुर। रामेश्वर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई । इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने दोनों महान विभूतियों के सिद्धांतों, आदर्शों और देश के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को याद किया । कार्यक्रम की शुरुआत वक्ताओं द्वारा दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सादगी, ईमानदारी और उच्च विचारों का साक्षात उदाहरण था । इन महापुरुषों के सिद्धांतों को केवल किताबों तक ही सीमित नहीं होना चाहिए बल्कि अपने दैनिक जीवन में भी उतारने का प्रयास करना चाहिए । प्राचार्य ने कहा कि गांधी जी के विचार आज वैश्विक शांति के मार्गदर्शक हैं। वहीं, शास्त्री जी के कुशल नेतृत्व का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि कठिन परिस्थितियों में भी उनका दृढ़ संकल्प देश को आगे ले गया । गांधी जी ने देश को आजादी दिलाने के लिए जन-आंदोलन खड़ा किया, तो शास्त्री जी ने जय जवान, जय किसान का अमर नारा देकर देश के जवानों और किसानों में एक नया आत्मविश्वास फूंका ।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. शारदा नन्द सहनी ने अतिथियों का स्वागत किया। विषय प्रवेश कराते हुए उन्होंने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के विचार वर्तमान समय में और अधिक प्रासंगिक हो गए हैं । उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को समाज सेवा के माध्यम से इनके संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया ।
मुख्य वक्ता राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. गोवर्धन ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा व सत्याग्रह के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला तो वहीं इतिहास विभाग के अध्यक्ष डॉ. बादल कुमार ने ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य में दोनों नेताओं के योगदान को रेखांकित किया ।
कार्यक्रम के अंत में उर्दू विभाग के अध्यक्ष डॉ. मो. वसीम रेजा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए प्राचार्य, वक्ताओं, प्राध्यापकों और एनएसएस स्वयंसेवकों के प्रति आभार प्रकट किया । इस अवसर पर महाविद्यलय के शिक्षक, कर्मचारी रामचरण सहनी,अभिषेक, अमन, कुंदन, सहित निशांत, कोमल ,कसक नासरीन आदि उपस्थित रहे ।
डॉ. संदीप कुमार सिंह मीडिया प्रभारी – रामेश्वर महाविद्यलय, मुजफ्फरपुर ।