भारत-नीदरलैंड कृषि सहयोग को नई गति, 25 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की प्रगति की समीक्षा
सौरभ निगम /नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने 28 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में नीदरलैंड के कृषि, मत्स्य पालन, खाद्य सुरक्षा एवं प्रकृति मंत्री श्री सिल्वियो एर्केन्स के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। बैठक में दोनों देशों के बीच कृषि क्षेत्र में जारी सहयोग की समीक्षा के साथ नए क्षेत्रों में साझेदारी की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
वार्ता के दौरान कृषि और बागवानी क्षेत्रों में 25 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की दिशा में हुई प्रगति की समीक्षा की गई। इन केंद्रों के माध्यम से आधुनिक कृषि तकनीक, बेहतर उत्पादन पद्धतियों और किसानों तक उन्नत ज्ञान पहुंचाने की दिशा में सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
दोनों पक्षों ने बीज क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई। इसके लिए एक कार्य-योजना तैयार की जाएगी, जिसमें सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों और उसे प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए स्पष्ट रूपरेखा तय की जाएगी।
बैठक में कृषि क्षेत्र में नवाचार के संभावित क्षेत्रों की पहचान करने पर भी चर्चा हुई। भारत और नीदरलैंड दोनों ने आधुनिक तकनीक, नवाचार और ज्ञान के आदान-प्रदान के माध्यम से कृषि उत्पादकता बढ़ाने के अपने संकल्प को दोहराया।
भारत और नीदरलैंड के बीच कृषि सहयोग पहले से ही सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बागवानी तकनीक, उच्च गुणवत्ता वाली रोपण सामग्री, बीज, प्रशिक्षण और ज्ञान हस्तांतरण जैसे क्षेत्रों में जारी है। अक्टूबर 2025 में दोनों देशों के संयुक्त कार्य समूह की बैठक में भी बीज क्षेत्र, खाद्य प्रसंस्करण, खाद्य सुरक्षा, ग्रीनहाउस तकनीक और नवाचार सहित कई नए क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई थी।
दोनों देशों के बीच कृषि सहयोग को व्यापक भारत-नीदरलैंड रणनीतिक साझेदारी के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मई 2026 में दोनों देशों ने अपने संबंधों को Strategic Partnership तक बढ़ाने और सतत कृषि, खाद्य प्रणालियों, जल प्रबंधन, विज्ञान एवं नवाचार सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए रोडमैप अपनाया था।
बैठक का मुख्य फोकस कृषि में तकनीकी सहयोग, नवाचार, गुणवत्तापूर्ण बीज, ज्ञान के आदान-प्रदान और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के विस्तार के माध्यम से दोनों देशों के किसानों और कृषि क्षेत्र को लाभ पहुंचाने की संभावनाओं पर रहा।