‘स्वच्छता हमारी संस्कृति’ थीम पर 31 को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी/अभिभावकों और विद्यार्थियों को ई-कचरे के सही प्रबंधन के बारे में किया जाएगा जागरूक
पटना। राज्य के सभी सरकारी प्रारंभिक विद्यालयों में शनिवार 31 अक्टूबर को मासिक अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इस बार संगोष्ठी की थीम ‘स्वच्छता हमारी संस्कृति’ रखी गई है। इसका मकसद बच्चों में स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही, विद्यालय और समुदाय के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है।
संगोष्ठी में स्वच्छता, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभिभावकों और विद्यार्थियों को ई-कचरे के सही प्रबंधन के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। उन्हें ई-कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित तरीके से एकत्र करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
संगोष्ठी में अभिभावकों, विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्यों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान बच्चों की पढ़ाई में प्रगति के साथ उनके स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता पर भी चर्चा होगी।
शिक्षक अभिभावकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और गृहकार्य पूरा कराने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही, घर पर पढ़ाई के लिए एक अलग स्थान यानी ‘स्टडी कॉर्नर’ विकसित करने की भी सलाह दी जाएगी। इससे बच्चों में नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने में मदद मिलेगी।
प्राथमिक शिक्षा निदेशक श्री कुमार निशांत विवेक ने पत्र के जरिये सभी डीईओ और डीपीओ (एसएसए) को जरूरी निर्देश दिए हैं।