लोकतंत्र की मजबूती का आधार हैं युवा : मिथिलेश तिवारी
Kaushlendra Pandey पटना। शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि युवा हमारे लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ हैं। देश के भविष्य और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। युवाओं की क्षमता और योगदान को कमतर नहीं आंका जा सकता।
श्री तिवारी रविवार को ज्ञान निकेतन स्कूल में आयोजित पाटलीपुत्र राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले युवा प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और उनके प्रयासों की सराहना की।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि युवा संसद जैसे आयोजन विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था और संसदीय कार्यप्रणाली को समझने का अवसर देते हैं। इससे विद्यार्थियों में संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ती है। साथ ही, उनमें तार्किक सोच, विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने और विभिन्न विषयों पर स्वस्थ चर्चा करने की क्षमता विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। युवाओं को लोकतंत्र की मूल भावना को समझते हुए देश और समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।