राहुल गांधी को बांग्लादेश भेजने वाले बयान पर भड़का RJD, एजाज अहमद बोले- हेमंत विश्व शर्मा देश की जनता से मांगें माफी
पटना। बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता एजाज अहमद ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बांग्लादेश भेजे जाने संबंधी बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
एजाज अहमद ने कहा कि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर भाजपा नेता लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मर्यादाओं को कमजोर कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक संवैधानिक पद पर आसीन हैं और उनके प्रति इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि जबसे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ आंदोलन सफल हुआ है और दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं, तबसे भाजपा नेताओं में बौखलाहट और बेचैनी दिखाई दे रही है। इसी हताशा में भाजपा नेता अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।
एजाज अहमद ने असम के मुख्यमंत्री से मांग की कि वे अपने बयान के लिए देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध हो सकता है, लेकिन संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के प्रति सम्मान और भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।
#RJD #EjazAhmed #RahulGandhi #HimantaBiswaSarma #Congress #BJP #IndianPolitics #BiharPolitics #PatnaNews #PoliticalNews