पटना। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बांग्लादेश भेजे जाने संबंधी बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
तेजस्वी यादव ने कहा कि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर भाजपा नेता लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मर्यादाओं को कमजोर कर रहे हैं। संवैधानिक पद पर बैठे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रति इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि जबसे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ आंदोलन सफल हुआ है और दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं, तबसे भाजपा नेताओं में बौखलाहट और बेचैनी दिखाई दे रही है।
तेजस्वी यादव ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से मांग की कि वे अपने बयान के लिए देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध हो सकता है, लेकिन भाषा की मर्यादा और संवैधानिक पदों का सम्मान बनाए रखना जरूरी है।
#TejashwiYadav #RahulGandhi #HimantaBiswaSarma #RJD #BiharPolitics #BJP #Congress #PoliticalNews