छठ महापर्व प्रकृति, परमात्मा और कृतज्ञता का संदेश देने वाला महान पर्व : डॉ. अनिल सुलभ
Kaushlendra Pandey / पटना। लोक आस्था, स्वच्छता, शुद्धता, पवित्रता और श्रद्धा का महापर्व छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि पूरी मानवता को प्रकृति, परमात्मा और जीवन के प्रति कृतज्ञता का संदेश देने वाला महान पर्व है। यह पर्व हमें सिखाता है कि हम केवल उगते हुए सूर्य को ही नहीं, बल्कि अस्ताचलगामी सूर्य को भी नमन करते हैं।
यह विचार डॉ. अनिल सुलभ ने छठ महापर्व के अवसर पर व्यक्त करते हुए कहा कि जो वरेण्य और पूज्य हैं, वे सदैव पूजनीय होते हैं, चाहे उनका अवसान काल ही क्यों न हो। छठ पर्व प्रत्यक्ष देवता भगवान सूर्य के प्रति मानव समुदाय की कृतज्ञता का प्रतीक है, जिनके बिना पृथ्वी पर जीवन की कल्पना भी संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि बिहार की पावन धरती से निकली छठ की यह महान लोकपरंपरा सहस्राब्दियों से पूरी दुनिया को स्वच्छता, संयम, प्रकृति संरक्षण और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दे रही है। तन, मन और पर्यावरण की पवित्रता ही स्वस्थ, गुणवत्तापूर्ण और कल्याणकारी जीवन की बुनियादी आवश्यकताएं हैं।
डॉ. अनिल सुलभ ने लोक आस्था के महापर्व छठ पर सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।