राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर अश्विनी वैष्णव का मीडिया जगत को संदेश, बोले- बदलती तकनीक के अनुरूप खुद को ढालें पत्रकार
सौरभ निगम /नई दिल्ली। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, रेल तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर मीडिया जगत को महत्वपूर्ण संदेश दिया।
उन्होंने नई दिल्ली स्थित आकाशवाणी भवन के रंगभवन सभागार में भारतीय प्रेस परिषद (PCI) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय प्रेस दिवस समारोह को संबोधित किया।
इस दौरान अश्विनी वैष्णव ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने मीडिया से जुड़े पेशेवरों से तेजी से बदलते मीडिया परिदृश्य और तकनीकी प्रगति के अनुरूप स्वयं को ढालने का आह्वान किया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तरदायित्वपूर्ण पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखना और समाज के प्रति मीडिया के दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने पत्रकारिता की विश्वसनीयता, सामाजिक जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में मीडिया की भूमिका पर विशेष जोर दिया।