पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (EZCC), कोलकाता और उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (NCZCC) की सांस्कृतिक पहल से कला और संस्कृति को मिलेगा नया आयाम
प्रयागराज, उत्तर प्रदेश एवं दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (SCZCC) तथा कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार
सरकार के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 20 से 21 नवंबर, 2026 को स्थानीय प्रेमचंद रंगशाला, राजेंद्र नगर, पटना में प्रतिदिन सायं 4 बजे से रात्रि 9 बजे तक दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव “इंद्रधनुष 2026” का आयोजन किया जा रहा है।
इस महोत्सव में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, ओडिसा, त्रिपुरा, महाराष्ट्र तथा बिहार के लोक गीत एवं लोक नृत्यों की प्रस्तुति की जा रही है तथा हस्तशिल्प मेला, खान-पान मेला, पारंपरिक परिधान प्रदर्शन, चित्रकला कार्यशाला, एवं रंगोली प्रदर्शन आदि कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न राज्यों के बीच विविध सांस्कृतिक एवं भाषाई आदर्श तथा सामाजिक एकता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है तथा पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के इस विशिष्ट महोत्सव में भारत के सात राज्यों के लगभग 400 लोक कलाकार एवं शिल्पकार भाग ले रहे हैं जो अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से विविधता में एकता का संदेश देंगे।
दिनांक 20 नवंबर, 2026 को बिहार के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन द्वारा दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा। तत्पश्चात पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक श्री सुदेश शर्मा द्वारा स्वागत सम्बोधन होगा, फिर श्री प्रणव कुमार, भा.प्र.से., सचिव, कला एवं संस्कृति विभाग अपना वक्तव्य रखेंगे। बिहार के कला एवं संस्कृति मंत्री माननीय डॉ. प्रमोद कुमार अपना वक्तव्य देंगे। तदुपरान्त बिहार के माननीय राज्यपाल का भाषण होगा तथा कला एवं संस्कृति विभाग की निदेशक श्रीमती रूबी, भा.प्र.से. द्वारा दो दिवसीय “इंद्रधनुष 2026” कार्यक्रम से संबंधित जानकारी साझा की जाएगी।
तत्पश्चात महोत्सव में सभी राज्यों के कलाकारों के द्वारा श्री राजीव कुमार रॉय द्वारा निर्देशित समवेत नृत्य प्रस्तुत करके इंद्रधनुषीय छटा द्वारा शुभारंभ होगा। उत्तर प्रदेश की सुश्री खुशबू पारिक के दल के द्वारा फूल की होली एवं मयूर लोक नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा, हरियाणा के श्री अंकित शर्मा के दल द्वारा रागिनी, फाग एवं घूमर लोक नृत्य की प्रस्तुति होगी तथा राजस्थान के श्री जगदीश पचारिया के दल द्वारा भवई, घूमर एवं कालबेलिया लोक नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।
ओडिसा के अरुण कुमार सुना के दल एकतारा कला केंद्र द्वारा संबलपुरी एवं ढाप नृत्यों को पेश किया जाएगा, त्रिपुरा की सुश्री मनु देवबर्मन के दल द्वारा मोमिता एवं होजागिरी नृत्यों का प्रदर्शन किया जाएगा तथा महाराष्ट्र की श्रीमती मोहिनी इयाजरे के दल द्वारा लावणी एवं कोली नृत्यों की प्रस्तुति की जाएगी साथ ही बिहार के लोक नृत्य एवं लोक गीत प्रस्तुत होंगे।
विशेष आकर्षण के तहत पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, कोलकाता, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा दो दिवसीय “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” कार्यक्रम का भी आयोजन किया जा रहा है जिसके अंतर्गत बिहार और त्रिपुरा की भाषा, संस्कृति, परंपरा और खान-पान से जुड़े आदान-प्रदान के कार्यक्रम विविधता में एकता का संदेश देंगे।
दिनांक 21-11-2026 के कार्यक्रम:-
कवि सम्मेलन,
सभी दलों का समवेत नृत्य
उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, ओडिसा, त्रिपुरा, महाराष्ट्र एवं बिहार के लोक नृत्य पारंपरिक परिधान प्रदर्शन