बॉडीगार्ड विवाद के बाद CM सम्राट और निशांत कुमार की खास मुलाकात, ‘शाम-ए-पटना’ की तस्वीर ने बिहार की सियासत में बढ़ाई हलचल
Kaushlendra Pandey / पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के बीच हालिया घटनाक्रम के बाद एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने बिहार के सियासी गलियारों में नई चर्चा शुरू कर दी है।
जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता निखिल मंडल ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और अपनी पार्टी के नेता एवं मंत्री निशांत कुमार के साथ एक तस्वीर साझा की। उन्होंने इसे ‘शाम-ए-पटना’ बताते हुए लिखा कि मित्र मनीष के पटना आवास पर दोनों नेताओं के साथ एक यादगार शाम बिताई।
इस मुलाकात को इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि हाल ही में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुरक्षा घेरे में तैनात बॉडीगार्ड द्वारा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को रोके जाने का वीडियो सामने आया था। इस घटना के बाद जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने भी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पुलिस मुख्यालय से संबंधित अधिकारी के खिलाफ संज्ञान लेने की मांग की थी।
अब इस घटनाक्रम के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और निशांत कुमार का एक साथ सहज माहौल में नजर आना राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।
निखिल मंडल की इस पोस्ट को मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, उन्होंने अपने संदेश में किसी विवाद या राजनीतिक स्पष्टीकरण का उल्लेख नहीं किया है।
बिहार की NDA सरकार में जेडीयू और बीजेपी के बीच बेहतर समन्वय का संदेश देने के लिहाज से भी इस मुलाकात की तस्वीर को देखा जा रहा है।
अब सवाल यह है कि क्या ‘शाम-ए-पटना’ की यह तस्वीर हालिया विवाद के बाद राजनीतिक सहजता का संदेश है? इतना जरूर है कि इस एक तस्वीर ने बिहार की सियासत में नई चर्चा जरूर छेड़ दी है।
पटना से कंट्री इनसाइड समाचार एजेंसी की रिपोर्ट।