रामेश्वर महाविद्यालय में विकसित भारत युवा संवाद एवं संविधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन / *युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति है – प्रो. श्यामल
मुजफ्फरपुर । माय युवा भारत, मुजफ्फरपुर एवं राष्ट्रीय सेवा योजना, रामेश्वर महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय के किशोरी सिन्हा सभागार में विकसित भारत युवा संवाद एवं संविधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर ने की ।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला युवा अधिकारी स्मृति सैनी, दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. रजनी रंजन, यूथ आइकॉन संजीव सिंह एवं निशा कुमारी उपस्थित रहे।
प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं । राष्ट्र निर्माण में उनकी सकारात्मक सोच, रचनात्मक ऊर्जा और सामाजिक प्रतिबद्धता की महत्वपूर्ण भूमिका है । उन्होंने युवाओं को संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने तथा राष्ट्रहित में योगदान देने के लिए प्रेरित किया । उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे संविधान में निहित मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। प्राचार्य ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में संवैधानिक चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व और विकसित भारत के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता विकसित करना था ।
संजीव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारत का संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार स्तंभ है । यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुत्व का अधिकार प्रदान करता है । संविधान के प्रति सम्मान और उसके मूल आदर्शों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत जिला युवा अधिकारी स्मृति सैनी ने किया तथा का संचालन एनएसएस के पूर्व स्वयंसेवक विनीत कुमार ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सुमित्रा कुमारी ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
डॉ. संदीप कुमार सिंह-मीडिया प्रभारी – रामेश्वर महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर।