अंजुम आरा ने संजय झा की अध्यक्षता में हुई जेडीयू की महत्वपूर्ण बैठक में लिया हिस्सा, नीतीश कुमार के विकास कार्यों और सुशासन की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
पटना। जनता दल (यूनाइटेड) की वरिष्ठ नेत्री एवं पार्टी की प्रवक्ता अंजुम आरा ने पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री संजय कुमार झा की अध्यक्षता में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लिया। इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ताओं, प्रदेश प्रवक्ताओं एवं राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्टों ने भाग लिया। बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा मीडिया के माध्यम से पार्टी की विचारधारा और उपलब्धियों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान बिहार के विकास में पूर्व मुख्यमंत्री एवं जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में किए गए कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सुशासन की उपलब्धियों को तथ्यों के साथ जनता के सामने रखने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही मीडिया के विभिन्न मंचों पर पार्टी का पक्ष मजबूती, स्पष्टता और प्रभावशाली ढंग से रखने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
अंजुम आरा ने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि पार्टी की विचारधारा, संगठन की मजबूती और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना सभी पार्टी नेताओं एवं प्रवक्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। बैठक में प्राप्त मार्गदर्शन और विचार-विमर्श पार्टी के सभी मीडिया प्रतिनिधियों के लिए प्रेरणादायी है।
इस अवसर पर अंजुम आरा ने पूरे बिहार में आयोजित ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’ कार्यक्रम की सफलता के लिए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।
उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि पार्टी की नीतियों, नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी मजबूती के साथ आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।
जेडीयू की इस बैठक को पार्टी के संगठनात्मक संवाद और मीडिया समन्वय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।