भाषा के विकास में साहित्यिक पत्रिकाओं की सबसे बड़ी भूमिका/ साहित्य सम्मेलन में ‘विरासत’ के लोकगीत विशेषांक का हुआ लोकार्पण, आयोजित हुई कवि-गोष्ठी
पटना ब्यूरो , २५ नवम्बर। किसी भी भाषा के विकास में साहित्यिक पत्रिकाओं की सबसे बड़ी भूमिका होती है। ये पत्रिकाएँ न केवल नव-लेखकों को अवसर और प्रोत्साहन ही देती हैं, बल्कि उनकी भाषा और प्रतिभा को भी निखारती हैं। ऐसी पत्रिकाओं के प्रकाशक-संपादक आदर के पात्र हैं। यह भाषा और साहित्य की बड़ी सेवा है। इसमें अपनी जमा-पूँजी लगानी पड़ती है।
यह बातें बुधवार को बीरेन्द्र शाह फ़ाउंडेशन, मुंबई के सौजन्य से बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन में, फ़ाउंडेशन द्वारा प्रकाशित साहित्यिक पत्रिका ‘विरासत’ के लोकगीत विशेषांक के लोकार्पण-समारोह की अध्यक्षता करते हुए, सम्मेलन अध्यक्ष डा अनिल सुलभ ने कही। उन्होंने कहा कि पत्रिका की संपादक रागिनी बीरेन्द्र शाह जी सेवा की भावना से सृजन और संपादन में क्रियाशील स्वयं एक विदुषी कवयित्री और लेखिका हैं। पत्रिका के माध्यम से भारतीय संस्कृति और लोक-जीवन को प्रकाश में लाने का पुण्य-कार्य कर रही हैं। पत्रिका का नूतन अंक लोक-गीतों को समर्पित है। इस अंक में प्रकाशित लोकगीतों से भारत की समृद्ध लोक-परम्परा को प्रकाश प्राप्त हुआ है और लोक-साहित्य को भी बल मिला है। इस अंक की अतिथि संपादक डा पूनम आनन्द की प्रतिभा को भी परखने और लाभान्वित होने का अवसर सुधी पाठकों को प्राप्त होगा।
अतिथियों का स्वागत करते हुए सम्मेलन के उपाध्यक्ष डा उपेन्द्रनाथ पाण्डेय ने कहा कि लोक-जीवन में लोकतत्त्व का घोर ह्रास हुआ है। लोकार्पित पत्रिका में लोक-साहित्य का प्रकाश हुआ ही है, इसमें लोक-तत्त्व भी हैं, जो लोक-परंपरा को बल प्रदान करेंगे। वरिष्ठ कवि रमेश कँवल, साहित्यकार डा रत्नेश्वर सिंह, भारतीय प्रशासनिक सेवा के अवकाश प्राप्त अधिकारी बच्चा ठाकुर, वरिष्ठ अधिवक्ता उपेंद्र प्रसाद, बरेली से पधारे गौरव हिन्दुस्तानी, पत्रिका की अतिथि संपादक डा पूनम आनन्द तथा फ़ाउंडेशन के कार्यक्रम- संयोजक राजेंद्र कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर आयोजित कवि-सम्मेलन का आरंभ चंदा मिश्र की वाणी-वंदना से हुआ। पत्रिका की संपादक रागिनी बी शाह, प्रो सुनील कुमार उपाध्याय, श्याम बिहारी प्रभाकर, सुनील कुमार मलंग, शुभचंद्र सिन्हा, सुजाता मिश्र, इरफ़ान अहमद बेलहारवी, कुमार अनुपम, ईं अशोक कुमार, जय प्रकाश पुजारी, सुनीता रंजन, इन्दुभूषण सहाय, विनोद किसलय, रंभा गुप्ता, नेहाल कुमार सिंह ‘निर्मल’ आदि ने अपनी रचनाओं के मधुर पाठ से उत्सव को और भी रसपूर्ण बना दिया। मंच का संचालन ब्रह्मानन्द पाण्डेय ने तथा धन्यवाद-ज्ञापन फ़ाउंडेशन की सदस्य रुचिका प्रसाद ने किया।
सम्मेलन के पुस्तकालय मंत्री डा नागेश्वर प्रसाद यादव, भवन अभिरक्षक प्रवीर कुमार पंकज, परवेज़ आलम, ईं बाँके बिहारी साव, समाजसेविका सरोज जायसवाल, राजीव प्रसाद, विभारानी श्रीवास्तव, डा मनोज गोवर्धनपुरी, निर्मला सिंह, अभिराम बुद्धवाहा, मीना पाण्डेय, नम्रता कुमारी, राजीव कुमार आदि बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित थे।