पटना, 23 मार्च। एनडीए संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन के तहत आज पूर्णिया में एनडीए कार्यकर्ताओं का जुटान हुआ। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल सहित एनडीए घटक दलों के सभी प्रदेश अध्यक्षों ने यहां आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लिया। सभी ने एक दूसरे के साथ स्वर मिलाते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य आने वाले विधानसभा में 225 सीटों पर विजय प्राप्त करना है।पूर्णिया के जिला स्कूल मैदान में आयोजित विराट एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह, रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने संयुक्त रूप से कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया और आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत से जुट जाने का आह्वान किया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं की एकजुटता को देखकर प्रसन्नता जताई।सम्मेलन में आए एनडीए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि जन आकांक्षाओं के अनुरूप काम करना हमारी पहली प्राथमिकता है। आज बिहार के लोग भी समृद्ध और विकसित बिहार की कल्पना करते हैं। आज एनडीए का संकल्प ही समृद्ध और विकसित बिहार बनाने की है।उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में एनडीए सरकार ने बिहार को विकास की पटरी पर लाकर दिखा दिया है। उन्होंने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार में केंद्र से मिल रही मदद से बिहार समृद्ध बिहार और विकसित बिहार के सपने को साकार करेगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में न केवल हम सरकारी नौकरी के तहत नियुक्ति पत्र बांट रहे हैं बल्कि रोजगार को लेकर भी कई कदम उठा रहे हैं।भाजपा के अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कहा कि बिहार दिवस के मौके पर हमलोगों ने देश के 76 स्थानों पर बिहार दिवस समारोह का आयोजन कर यह दिखा दिया है कि हमारा अभिमान ही बिहार है। उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि आज विपक्ष भ्रम फैलाने और बांटने की राजनीति पर उतर गया है। बेगूसराय से क्षेत्रीय मक्का अनुसंधान केंद्र कहीं नहीं जा रहा है, लेकिन यह अफवाह फैलाई जा रही है। आज हम बिहार दिवस के नाम पर अन्य राज्यों में समारोह आयोजित कर देश के एकजुट होने का संदेश दे रहे हैं तो ये लोग भाषा और क्षेत्रवाद के नाम पर बांटने की बात कर रहे हैं।संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं की उमड़ी भीड़ को ऐतिहासिक बताते हुए जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि एनडीए आमजनों के कल्याण और हित को सर्वोपरि रखकर ही काम करती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकता से एनडीए की ताकत और हौसला दोनों बढ़ा है। अब कोई ऐसी शक्ति नहीं है जो आगामी चुनाव में एनडीए को इतिहास बनाने से रोक सकती है।लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि इस मैदान में जुटे कार्यकर्ताओं की एकजुटता और संकल्प साफ है। अर्जुन की तरह इन्हें मछली की आंख की तरह सिर्फ विधानसभा चुनाव की 225 सीटों का लक्ष्य दिखाई दे रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत के साथ फिर से एनडीए की सरकार बनानी है।हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दावा किया कि बिहार में 225 से ज्यादा सीटें लाकर एनडीए सरकार बनाएगी। बिहार की जनता ने तय कर लिया है कि यहां के लोगों को अब राजद का शासनकाल नहीं चाहिए। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि बिहार के लोग कभी भी राज्य में जंगलराज लाने वालों को भूल नहीं सकते हैं। अब लोग कभी भी उस जंगलराज को नहीं चाहते।रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने भी एनडीए कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि एनडीए की सरकार है तो हर कार्य मुमकिन है। उन्होंने कहा कि संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन में उमड़ रही जोशीले कार्यकर्ताओं की भीड़ से विरोधी भी परेशान और भयभीत हैं। आज स्थिति यह है कि वे अब एनडीए को बदनाम करने के लिए कई तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। लेकिन बिहार की जनता सब जानती है।
