मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सिविल सेवा दिवस पर दी बधाई, सराहना की अधिकारियों की निष्ठा और सेवा भावना
Kaushlendra Pandey/पटना: सिविल सेवा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी सिविल सेवकों और उनके परिवारजनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि सिविल सेवक शासन व्यवस्था की रीढ़ होते हैं, जो राज्य और देश के विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “मुझे पूर्ण विश्वास है कि हमारे सभी सिविल सेवक पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्मठता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहेंगे। आपकी सेवा भावना और प्रशासनिक दक्षता ही सुशासन की आधारशिला है।”
नीतीश कुमार ने यह भी कहा कि राज्य सरकार सुशासन के लक्ष्य को हासिल करने में सभी सिविल सेवकों के योगदान को सराहती है और उनके सहयोग से बिहार को प्रगति के पथ पर आगे ले जाया जा रहा है।
सिविल सेवा दिवस हर वर्ष 21 अप्रैल को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य सिविल सेवकों को उनके योगदान के लिए सम्मानित करना और उनके कार्यों की सराहना करना होता है।