Kaushlendra Pandey/पटना, बिहार:कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह ने बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए स्पष्ट कर दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ही होंगे। उन्होंने कहा कि अगर चुनाव में महागठबंधन की जीत होती है, तो मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ही बनेंगे।
पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का यह कहना बिल्कुल सही है कि नीतीश कुमार केवल अपनी कुर्सी बचाने के लिए महागठबंधन में आए थे और अब भाजपा के साथ भी वही कर रहे हैं।
जब उनसे खड़गे की रैली में खाली कुर्सियों को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने सफाई दी कि धूप ज्यादा थी, इसलिए लोग इधर-उधर हो गए थे। यह कोई नाराजगी या विरोध नहीं था।
राजनीति छोड़ने या किसी अन्य दल में जाने की अटकलों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी कोई बात नहीं है। “मैं कांग्रेस का एक साधारण कार्यकर्ता हूं, जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, उसे निभाऊंगा,” उन्होंने कहा।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान पर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने सामाजिक मर्यादा का उल्लंघन किया है और उन्हें तत्काल माफी मांगनी चाहिए.
























