कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी | पूर्णिया/’ऑपरेशन सिंदूर’ की पृष्ठभूमि में राज्य सरकार ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। रविवार को पूर्णिया समाहरणालय के सभाकक्ष में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सेना, वायुसेना, सीमा सुरक्षा बल (BSF), सशस्त्र सीमा बल (SSB), रेलवे तथा पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज एवं सुपौल के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक की। बैठक में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ाने, अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर निगरानी और गश्ती को मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियारों, मानव तस्करी की रोकथाम, अग्निशमन व चिकित्सा व्यवस्था सहित अन्य जरूरी तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई।
उन्होंने खासकर धार्मिक स्थलों, रेलवे लाइन, एयरपोर्ट, पेट्रोल-डीजल डिपो, गैस स्टेशनों, पुलों व राष्ट्रीय राजमार्गों जैसी महत्वपूर्ण संरचनाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर सीमावर्ती क्षेत्रों में अलर्ट रहने की सख्त हिदायत दी गई है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए फैलाए जा रहे अफवाहों एवं फर्जी खबरों पर सख्ती से रोक लगाने का आदेश भी अधिकारियों को दिया।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क और सजग है, और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठा रही है।



























