Kaushlendra Pandey, पटना।मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज मुख्य सचिवालय स्थित सभा कक्ष में संभावित बाढ़ और सुखाड़ से निपटने के लिए की जा रही तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। इस समीक्षा बैठक में सभी जिलों के जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, “राज्य के खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी गंभीरता के साथ तैयारियां सुनिश्चित करें, ताकि संकट की स्थिति में आमजन को राहत पहुंचाई जा सके। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और इस माह के अंत तक समस्त तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बदलते मौसम के प्रभाव को ध्यान में रखते हुए हर स्तर पर निगरानी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि संभावित संकट से निपटने के लिए समन्वय और तत्परता के साथ काम करें, ताकि किसी भी स्थिति में जनता को परेशानी न हो।
इस समीक्षा बैठक को आपदा प्रबंधन की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री ने प्रशासन को समय रहते तैयार रहने का स्पष्ट संकेत दिया है।




























