कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी, नई दिल्ली।केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने यूनिवर्सिटी ऑफ लिवरपूल को भारत में कैंपस स्थापित करने के लिए ‘लेटर ऑफ इंटेंट’ (LoI) सौंपा। इस अवसर पर आयोजित समारोह में उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी ऑफ लिवरपूल भारत में कैंपस खोलने वाली दूसरी यूके की यूनिवर्सिटी बन गई है।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि आने वाले समय में साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथ्स (STEM) विषयों पर फोकस करते हुए 15 विदेशी विश्वविद्यालय भारत में अपने कैंपस स्थापित करेंगे। यह कदम नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत उच्च शिक्षा को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “आज पूरी दुनिया में सततता (sustainability), स्वास्थ्य और समृद्धि एक साझा एजेंडा बन चुका है और विश्वविद्यालय इस बदलाव के केंद्र में हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि भारत में अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों की मौजूदगी से शिक्षा क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और छात्रों को वैश्विक गुणवत्ता की पढ़ाई अपने देश में ही उपलब्ध होगी।
यह पहल भारत को वैश्विक शिक्षा हब बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
समाचार स्रोत: PIB प्रेस विज्ञप्ति
रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी



























