कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी, पटना।मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज निर्माणाधीन 6 लेन शेरपुर-दिघवारा गंगा पुल परियोजना का स्थल पर जाकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिया कि कार्य को तेजी से पूर्ण किया जाए ताकि यह महत्वाकांक्षी परियोजना निर्धारित समयसीमा में पूरी हो सके।
इस 6 लेन पुल के नीचे से जे॰पी॰ गंगा पथ (ईस्टर्न बाइपास) का भी निर्माण कराया जा रहा है, जिससे पुल की महत्ता और अधिक बढ़ जाती है। यह पुल बिहटा-सरमेरा पथ से भी जुड़ने जा रहा है, जिससे राज्य के विभिन्न भागों के बीच यातायात और संपर्कता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुल के बन जाने से उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच सुगम और त्वरित आवागमन संभव होगा। पटना के लोगों को भी शहर के एक छोर से दूसरे छोर तक जाने में बड़ी राहत मिलेगी।
यह पुल राजधानी पटना के चारों ओर प्रस्तावित रिंग रोड का अहम हिस्सा है, जो लोगों को शहर की चारों दिशाओं में बिना शहर के मुख्य यातायात में फंसे यात्रा करने की सुविधा देगा। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि परिवहन की लागत भी घटेगी।
इस परियोजना के पूरा होने से न केवल क्षेत्रीय विकास को बल मिलेगा, बल्कि राज्य के आधारभूत संरचना क्षेत्र में एक और मील का पत्थर जुड़ जाएगा।
रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी




























