प्रधानमंत्री मोदी ने भोपाल में ‘लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन’ में की शिरकत, प्रदर्शनी का किया अवलोकन
रिपोर्ट:कौशलेन्द्र पाण्डेय, भोपाल/भोपाल, 1 जून 2025 — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित ‘लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन’ में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, योगदान और विरासत पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
प्रधानमंत्री ने प्रदर्शनी के माध्यम से अहिल्याबाई होल्कर द्वारा समाज सुधार, न्याय प्रशासन, महिला उत्थान और राष्ट्र निर्माण में निभाई गई भूमिका को गहराई से जाना। प्रदर्शनी में उनकी जीवन यात्रा, शासनकाल की उपलब्धियाँ और महिला सशक्तिकरण के लिए किए गए कार्यों को चित्रों, दस्तावेज़ों और डिजिटल माध्यम से प्रस्तुत किया गया था।
इस महासम्मेलन का उद्देश्य देशभर की महिलाओं को प्रेरित करना और लोकमाता देवी अहिल्याबाई के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुँचाना है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा, “अहिल्याबाई होल्कर नारी शक्ति की प्रतीक थीं। उनके जीवन से हमें यह सीख मिलती है कि सेवा, न्याय और जनकल्याण को सर्वोपरि रखकर भी शासन किया जा सकता है।”
कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, महिला संगठनों की प्रतिनिधियाँ और बड़ी संख्या में आमजन भी मौजूद रहे। यह महासम्मेलन महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी लगातार इस आयोजन से जुड़ी हर अहम खबर आप तक पहुँचाता रहेगा।