सौरभ निगम, नई दिल्ली।भारतीय नौसेना अपनी ताकत में एक और आधुनिक स्टील्थ युद्धपोत जोड़ने जा रही है। 1 जुलाई 2025 को रूस के कालिनिनग्राद स्थित यान्तर शिपयार्ड में अत्याधुनिक मल्टी-रोल फ्रिगेट “INS तमाल” को नौसेना में विधिवत कमीशन किया जाएगा।
‘INS तमाल’ रूस से प्राप्त क्रिवाक श्रेणी के युद्धपोतों की श्रृंखला में आठवां जहाज़ है। यह तुषिल क्लास का दूसरा जहाज़ है, जो अपने पूर्ववर्ती तलवार और तैग क्लास फ्रिगेट्स से तकनीकी रूप से कहीं अधिक उन्नत और शक्तिशाली है। तलवार और तैग श्रेणी के तहत भारतीय नौसेना ने पहले ही तीन-तीन युद्धपोतों को शामिल किया है।
INS तमाल का निर्माण यंतर शिपयार्ड, कालिनिनग्राद में हुआ है और यह विदेशी स्रोत से प्राप्त होने वाला अंतिम युद्धपोत होगा, क्योंकि अब भारत सरकार का फोकस आत्मनिर्भर भारत (Aatmanirbhar Bharat) और मेक इन इंडिया (Make in India) अभियानों के तहत देश में ही अत्याधुनिक युद्धपोतों के निर्माण पर है।
इस ऐतिहासिक क्षण पर भारतीय नौसेना के शीर्ष अधिकारी, रक्षा मंत्रालय के प्रतिनिधि और रूस के वरिष्ठ रक्षा अधिकारी मौजूद रहेंगे। INS तमाल की तैनाती हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की समुद्री ताकत को और अधिक मजबूत बनाएगी।
🔗 प्रेस विज्ञप्ति पढ़ें
रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी, नई दिल्ली





























