कशिश सिंह/मुंबई ब्यूरो, 26 जून 2025। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में विधान भवन, मुंबई में ‘उत्तन-विरार सी-लिंक परियोजना’ को लेकर अहम समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस दौरान परियोजना की उन्नत और किफायती योजना को मंजूरी दी गई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह परियोजना अब ₹87,427.17 करोड़ के बजाय केवल ₹52,652 करोड़ में पूरी की जाएगी, जिससे राज्य सरकार को लगभग ₹34,775 करोड़ की बड़ी बचत होगी। बैठक में उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और एमएमआरडीए सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
फडणवीस ने बताया कि यह सी-लिंक बंदरगाहों और समृद्धि महामार्ग से जोड़ा जाएगा, जिससे पश्चिमी तट और मुंबई के उत्तरी उपनगरों के बीच तेज़ यात्री और माल परिवहन सुनिश्चित होगा। साथ ही वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे से भी सीधा संपर्क मिलेगा। यह भारत के पोर्ट-केंद्रित विकास को भी मजबूती देगा।
परियोजना के मुख्य तथ्य
कुल लंबाई: 55.12 किमी
मुख्य समुद्री मार्ग: 24.35 किमी
कनेक्टर्स: उत्तन (9.32 किमी), वसई (2.5 किमी), विरार (18.95 किमी)
डीपीआर और पीपीआर की अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश
कुल लागत: ₹52,652 करोड़
वित्तीय मॉडल: 72.17% राशि JICA जैसी एजेंसियों से टोल आधारित लोन, 27.83% राशि महाराष्ट्र सरकार/एमएमआरडीए से
मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि स्मार्ट डिजाइन, भूमि अधिग्रहण में कमी, और संरचनात्मक सुधारों के कारण लागत में भारी कटौती संभव हुई है।
✍🏻 कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी
#Maharashtra #DevendraFadnavis #UttanVirarSeaLink




























