Kaushlendra Pandey/कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी रिपोर्ट/पटना | 29 जून 2025 —बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना के बख्तियारपुर स्थित सीढ़ी घाट पर विकसित गंगा रिवर फ्रंट का लोकार्पण किया। यह परियोजना गंगा नदी की पुरानी धारा को पुनर्जीवित कर लगभग 4.5 किलोमीटर क्षेत्र में विकसित की गई है, जिसे अब पटना के मरीन ड्राइव की तर्ज पर एक भव्य और दर्शनीय स्थल के रूप में तैयार किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा,
“गंगा बिहार की जीवनरेखा है। इसकी स्वच्छता, पुनरुद्धार और सुंदरीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। बख्तियारपुर का यह रिवर फ्रंट न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय विकास का भी आधार बनेगा।”
ज्ञात हो कि घनसुरपुर घाट से देदौर तक गंगा की पुरानी धारा में जमी गाद की सफाई कर इस क्षेत्र को पुनर्जीवित किया गया है। अब यह घाट आकर्षक रिवर फ्रंट, घाटों, लाइटिंग, पेवमेंट और हरित पट्टी के साथ एक आधुनिक पर्यटन स्थल के रूप में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आयोजित गंगा आरती में भाग लिया और स्थानीय जनता का अभिवादन स्वीकार किया। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति, अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस रिवर फ्रंट को लेकर जनता में खासा उत्साह देखा गया और स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करतल ध्वनि से किया।
#JDU #NitishKumar #GangaRiverfront #BakhtiyarpurDevelopment #PatnaMarineDrive #GangaAarti #BiharTourism #CleanGanga #RiverfrontBihar
कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी
(देश की सच्ची खबर, आपके साथ)



























