सौरभ निगम-नई दिल्ली। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और प्रधानमंत्री कार्यालय, परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने जन शिकायतों के निवारण प्रणाली में मूलभूत बदलाव की आवश्यकता पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि शिकायत निवारण का उद्देश्य केवल समस्या का समाधान भर नहीं, बल्कि नागरिकों की संतुष्टि सुनिश्चित करना होना चाहिए।
उन्होंने जोर देकर कहा कि देश में जब तक जन सहभागिता और पारदर्शिता के साथ तंत्र काम नहीं करेगा, तब तक शिकायत समाधान का उद्देश्य अधूरा रहेगा। डॉ. सिंह ने यह टिप्पणी लोक प्रशासन में सुधार की दिशा में हो रहे प्रयासों के संदर्भ में की।
उन्होंने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि टेक्नोलॉजी के माध्यम से शिकायतों के समाधान को और सक्षम, पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जा सकता है। साथ ही, उन्होंने सभी सरकारी विभागों से अनुरोध किया कि वे शिकायतों को सिर्फ आंकड़ों के हिसाब से न देखें, बल्कि जनता की भावनाओं और अपेक्षाओं को समझते हुए समाधान करें।
स्रोत: PIB प्रेस विज्ञप्ति

























