Kaushlendra Pandey/समस्तीपुर, बिहार।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समस्तीपुर जिले के सरायरंजन प्रखंड में कुल ₹522.77 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने ग्राम पंचायत मणिका स्थित हर्षित उत्क्रमित उच्च विद्यालय परिसर से ₹200.67 करोड़ की तीन प्रमुख योजनाओं से संबंधित शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इनमें शामिल हैं:
🔹 ₹62.25 करोड़ की लागत से करेह नदी के शंकरपुर घाट पर 12X27.800 मीटर आरसीसी उच्चस्तरीय पुल व पहुंच पथ का निर्माण।
🔹 ₹42.308 करोड़ से मणिका (SH-88) से विक्रमपुर (NH-322) तक बाईपास सड़क का निर्माण।
🔹 ₹96.11 करोड़ से रोसड़ा–शिवाजीनगर–बरियाही घाट–बड़ेही पथ का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सरायरंजन प्रखंड के मुसापुर ग्राम पंचायत स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर से बलान एवं जमुआरी नदियों की गाद उड़ाही परियोजना का भी शिलान्यास किया, जिसकी कुल लागत ₹322.10 करोड़ है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाएं समयसीमा के भीतर और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि गाद हटाने का कार्य इस क्षेत्र में बाढ़ नियंत्रण और सिंचाई की सुविधा में अहम भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी























