Kaushlendra Pandey, CIN ब्यूरो।राजकीयकृत उच्च माध्यमिक विद्यालय फुलवारी शरीफ, पटना में एक भावनात्मक एवं गरिमामय विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा आयोजित प्रधानाध्यापक पद पर चयनित पांच शिक्षकों के सम्मान में किया गया था। विद्यालय की प्रचार्या श्रीमती सायरा फातिमा बानो ने नवनियुक्त प्रधानाध्यापकों को शाल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में प्रचार्या ने कहा कि, “नई भूमिका में शिक्षकों की जिम्मेदारियां और भी बढ़ जाती हैं। उन्हें शिक्षा के साथ नेतृत्व और प्रबंधन के क्षेत्र में भी उत्कृष्टता लानी होगी, ताकि समाज और राष्ट्र की उन्नति में उनका योगदान महत्वपूर्ण हो।” उन्होंने यह भी कहा कि इन शिक्षकों की कार्यशैली और समर्पण से संबंधित विद्यालयों में नया इतिहास रचा जाएगा, जिससे फुलवारी की बगिया और भी अधिक खूबसूरत होगी।
विदाई पाने वाले नवनियुक्त प्रधानाध्यापक डॉ. प्रतिभा श्रीवास्तव, डॉ. संजीव कुमार सिंह, संचिता सिन्हा, अर्पणा सिन्हा और प्रतिमा पांडेय ने राज्य के विभिन्न विद्यालयों में योगदान दिया है।
इस मौके पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक हिमांशु शेखर, स्तंभ शिक्षक पंकज कुमार राय, संगीत शिक्षक सुजीत कुमार शर्मा, उर्दू के शिक्षक मोहम्मद शिब्ली नोमानी रहमानी समेत सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने अपने संबोधन में भावुक संस्मरण साझा किए, जिससे विद्यालय परिसर का माहौल नम आंखों और भरे दिलों से भर गया।
विदाई समारोह को ‘गंगा-जमुना-सरस्वती’ के संगम जैसा माहौल बताते हुए प्रचार्या श्रीमती सायरा फातिमा बानो ने इस क्षण को विद्यालय के इतिहास में अविस्मरणीय बना दिया।
यह कार्यक्रम न केवल एक विदाई था, बल्कि शिक्षा के एक नए युग की शुरुआत का संकेत भी था, जिसमें शिक्षक राष्ट्र निर्माण की एक नई भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं।



























