नई दिल्ली, (कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी)। किसानों के हितों की रक्षा और कृषि उत्पादन को सुरक्षित रखने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ा कदम उठाया है।
मंत्री ने आज कृषि भवन, नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण विभाग तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नकली खाद, बीज और कीटनाशक बेचने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने राज्यों से भी अपील की कि इस अवैध गतिविधि में शामिल लोगों को तुरंत चिन्हित कर सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निगरानी तंत्र को मजबूत किया जाए, ताकि नकली कृषि उत्पादों की बिक्री पर पूरी तरह रोक लग सके और किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।
सरकार का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से न केवल किसानों का विश्वास बढ़ेगा बल्कि कृषि क्षेत्र में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित होगी।





























