नई दिल्ली,ब्यूरो (कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी)। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के तहत प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड (TDB) ने प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। बोर्ड ने मेसर्स प्राइमरी हेल्थटेक प्राइवेट लिमिटेड को सहयोग देने की घोषणा की है, जो आईओटी-सक्षम एआई-संचालित पॉइंट-ऑफ-केयर रक्त परीक्षण उपकरण विकसित कर रही है।
इस स्वदेशी उपकरण से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में मरीजों को त्वरित, किफायती और सटीक रक्त जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। एआई-संचालित तकनीक के माध्यम से यह उपकरण रोगों की शीघ्र पहचान कर डॉक्टरों को इलाज में मदद करेगा।
टीडीबी का मानना है कि इस तरह की स्वदेशी स्वास्थ्य तकनीक भारत को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी भी बनाएगी। यह पहल “मेक इन इंडिया” और “डिजिटल हेल्थ मिशन” को गति प्रदान करने वाली साबित होगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस उपकरण के माध्यम से ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।




























