नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने लोथल में राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर का दौरा किया
Kaushlendra Pandey/गुजरात के ऐतिहासिक नगर लोथल में बन रहे राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर (NMHC) का आज भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने परिसर की प्रगति का जायजा लिया और समुद्री इतिहास से जुड़ी कलाकृतियों एवं प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
दौरे के दौरान नौसेना प्रमुख ने निर्माण कार्यों की समीक्षा की और परियोजना से जुड़े हितधारकों के साथ विस्तृत चर्चा भी की। उन्होंने परिसर में प्रदर्शित प्राचीन नौसैन्य कलाकृतियों, मॉडल्स और विरासत प्रदर्शनियों को करीब से देखा।
इसके अलावा, एडमिरल त्रिपाठी ने वरुण नौसेना परिसर का भी भ्रमण किया। उनका यह दौरा भारत की समुद्री विरासत को सहेजने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर (NMHC#) का उद्देश्य भारत के प्राचीन और गौरवशाली समुद्री इतिहास को संरक्षित कर वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करना है। इसके माध्यम से लोथल, जो कि हड़प्पा सभ्यता के समय का महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक केंद्र रहा है, को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी।