भारत को ऑटोमोबाइल विनिर्माण, हरित गतिशीलता व बुनियादी ढांचा नवाचार में वैश्विक नेतृत्व केंद्र बनाने की योजना
प्रियंका भारद्वाज/केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आज नई दिल्ली में आयोजित ‘सेव इंटरनेशनल 2025 वैल्यू समिट’ में भारत की महत्वाकांक्षी योजना का खुलासा किया। इस सम्मेलन में उन्होंने बताया कि भारत को ऑटोमोबाइल विनिर्माण, हरित गतिशीलता (Green Mobility) और बुनियादी ढांचे (Infrastructure Innovation) में दुनिया का अग्रणी केंद्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि भारत का उद्देश्य वैश्विक ऑटोमोबाइल विनिर्माण में पहला स्थान हासिल करना है। इसके तहत देश में इलेक्ट्रिक वाहन (EV) उत्पादन को बढ़ावा देने, उन्नत बुनियादी ढांचे का विकास करने और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए कई रणनीतियां बनाई जा रही हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार इस क्षेत्र में अनुसंधान एवं विकास (R&D) को बढ़ावा देगी ताकि नए तकनीकी समाधानों के जरिए भारत को हरित गतिशीलता में एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी बनाया जा सके। साथ ही, देश में सड़क, ब्रिज और स्मार्ट सिटी जैसी परियोजनाओं को गति देने के लिए अभिनव तकनीकों को अपनाया जाएगा।
इस समिट में वैश्विक विशेषज्ञों, उद्योगपतियों और नीति निर्माताओं ने भाग लिया और भारत के दीर्घकालिक दृष्टिकोण को सराहा।