Kaushlendra Pandey गया/वजीरगंज। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर नामांकन प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में वजीरगंज विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन समर्थित कांग्रेस प्रत्याशी अवधेश सिंह ने आज शान और सादगी के साथ अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति देखी गई।
अवधेश सिंह ने नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास को अपना मुख्य लक्ष्य बनाया है। उन्होंने कहा—
“वजीरगंज की जनता का आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। अब समय बदलना होगा – अन्याय, भेदभाव और उपेक्षा से ऊपर उठकर विकास की नई शुरुआत करनी होगी।”
उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र की समस्याओं – शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और किसानों की दिक्कतों को प्राथमिकता देकर समाधान किया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा—
“मैं राजनीति नहीं, जनसेवा करने आया हूँ। आपका विश्वास मेरा हौसला है। आइए बदलाव की शुरुआत वजीरगंज से करें।”
नामांकन के दौरान महागठबंधन के अनेक स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। समर्थकों ने “अवधेश सिंह ज़िंदाबाद”, “वजीरगंज मांगे बदलाव” और “जनता का नेता – अवधेश सिंह” जैसे नारे लगाए।
वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि इस बार वजीरगंज की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और महागठबंधन भारी जीत दर्ज करेगा।
— कंट्री इनसाइड न्यूज़ एजेंसी ✅




























