Kaushlendra Pandey/पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के तहत जद(यू) प्रदेश अध्यक्ष एवं महनार विधानसभा से प्रत्याशी उमेश कुशवाहा ने आज अपनी धर्मपत्नी के साथ मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने जनता से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
उमेश कुशवाहा ने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति तक न्याय के साथ विकास, गुणवत्तापूर्ण आधुनिक शिक्षा, भयमुक्त शासन, गरीबों के कल्याण और युवाओं के लिए बेहतर रोजगार के अवसर ही विकसित महनार और विकसित बिहार के सपने की बुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि इस सपने को साकार करने में जनता का एक-एक वोट निर्णायक भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि महनार की जनता का विश्वास ही उनकी ताकत है और एनडीए गठबंधन के नेतृत्व में बिहार निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सभी मतदाताओं से उत्साहपूर्वक मतदान करने और बिहार के उज्जवल भविष्य के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
(रिपोर्ट – कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी)





























