सहरसा — नशे के खिलाफ बिहार पुलिस की सख़्त कार्रवाई लगातार जारी है। सहरसा जिले के वैजनाथपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 111 लीटर नशीला सिरप (Vescof) बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है।
घटना 30 नवंबर 2025 की है। गुप्त सूचना मिलने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर वैजनाथपुर थाना पुलिस ने मुसहरनियाँ मोड़ तीनमुहानी के पास वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक उजले रंग की स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन सड़क किनारे रोक दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। सशस्त्र बल ने पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया।
वाहन की तलाशी में पुलिस को डिक्की और सीटों के नीचे रखे 8 प्लास्टिक बोरे में कुल 1110 बोतल नशीला Vescof सिरप मिला, जिसकी मात्रा 111 लीटर बताई जा रही है।
घटना के संबंध में वैजनाथपुर थाना कांड संख्या 133/2025 दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर चुकी है।
बिहार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार चलेगा और किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
(रिपोर्ट — कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी)

























