नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया ने कौशल विकास एवं गतिशीलता साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमति जताई है। दोनों देशों ने खेल, उन्नत निर्माण (Advanced Construction) तथा उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। यह निर्णय दोनों पक्षों की बैठक में लिया गया, जिसमें कौशल विकास को वैश्विक स्तर पर जोड़ने और युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करने पर सहमति बनी।
बैठक में भारत ने ए न्यूअल इंडिया–ऑस्ट्रेलिया स्किल्स मीट (Annual Skills Meet) आयोजित करने का प्रस्ताव रखा, ताकि कौशल मानकों को एकरूप बनाया जा सके तथा प्रशिक्षण एवं प्रमाणन प्रक्रियाओं में सामंजस्य स्थापित हो सके। इससे दोनों देशों के पेशेवरों को पारस्परिक रोजगार अवसरों में सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा, दोनों देशों ने कौशल आधारित सहयोग को खेल प्रशिक्षण, खेल तकनीक, निर्माण तकनीकों, डिजिटल और उभरती तकनीकों के शिक्षा-ढांचे में लागू करने की दिशा में आगे बढ़ने पर चर्चा की।
सरकारों का कहना है कि यह साझेदारी युवाओं के लिए रोजगार, शोध व प्रशिक्षण में नए आयाम खोलेगी तथा वैश्विक कौशल बाजार में भारत की भागीदारी को मजबूत करेगी।
— कंट्री इनसाइड न्यूज़ एजेंसी




























