Kaushlendra Pandey/कोलकाता ब्यूरो। तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ने कार्यकर्ता सभा को संबोधित करते हुए भाजपा और केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने बंगाल में बिना योजना के एसआईआर प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे भय का माहौल बना और कथित तौर पर लगभग 46 लोगों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि दो साल का काम दो महीने में पूरा कराने की जल्दबाजी से मतदान कर्मियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, न तो समुचित प्रशिक्षण दिया गया और न ही ऐप ठीक से काम कर रहा है।
तृणमूल प्रमुख ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने बंगाल के करीब 59 लाख गरीब लोगों को उनके अधिकारों से वंचित किया है और कई अहम योजनाओं का पैसा रोक रखा है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे किसी भी तरह की तानाशाही के आगे न कभी झुकी हैं और न झुकेंगी। जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए आखिरी सांस तक लड़ाई जारी रखने का संकल्प दोहराते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल का कोई भी नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित नहीं होगा।
कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल की धरती ने अन्याय के खिलाफ लड़ना सिखाया है और भाजपा की सांप्रदायिक राजनीति को हर हाल में परास्त किया जाएगा।
— कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी


























