प्रियंका भारद्वाज/नई दिल्ली। यात्रियों की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नागर विमानन मंत्रालय (एमओसीए) ने पैसेंजर असिस्टेंस कंट्रोल रूम (पीएसीआर) की स्थापना की है। यह कंट्रोल रूम यात्रियों को किसी भी प्रकार की समस्या में तत्काल सहायता प्रदान करेगा।
नागर विमानन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि पीएसीआर 24 घंटे, सातों दिन पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है। इसके माध्यम से देशभर में विमानन परिचालन की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुचारू और परेशानी मुक्त यात्रा का अनुभव मिल सके।
उन्होंने कहा कि पीएसीआर का उद्देश्य यात्रियों की शिकायतों का त्वरित संज्ञान लेना, संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करना और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। इससे न केवल यात्रियों का भरोसा बढ़ेगा, बल्कि विमानन सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।
नागर विमानन मंत्रालय का यह कदम यात्रियों के हितों की सुरक्षा और नागरिक उड्डयन क्षेत्र में बेहतर सेवा मानकों को स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
— कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी




























