अहमदाबाद में ‘नमोत्सव’ का आयोजन, अमित शाह ने किया संबोधन
Kaushlendra Pandey/अहमदाबाद। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कल गुजरात के अहमदाबाद में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जीवन पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘नमोत्सव’ को संबोधित किया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री मोदी के जीवन, संघर्ष, कर्तव्यों और सिद्धांतों पर आधारित कलात्मक प्रस्तुति के रूप में आयोजित किया गया।
अपने संबोधन में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज एक सशक्त और प्रभावशाली कलात्मक प्रस्तुति के माध्यम से ऐसे व्यक्तित्व के जीवन को दर्शाया जा रहा है, जिसने मात्र 11 वर्षों में 140 करोड़ भारतीयों के मन में यह अटूट विश्वास भरा है कि भारत वर्ष 2047 तक विश्व के हर क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, सुशासन और सांस्कृतिक गौरव के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
अमित शाह ने यह भी कहा कि ‘नमोत्सव’ केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री के विचारों, मूल्यों और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के जीवन के विभिन्न पड़ावों को कला, संगीत और नाट्य के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि, कलाकार और आम नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने दर्शकों को प्रधानमंत्री मोदी के प्रेरणादायी जीवन और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का कार्य किया।
— कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी