नई दिल्ली। राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (National Traders’ Welfare Board) की 8वीं बैठक में देश के खुदरा व्यापार क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए उठाए गए विभिन्न सरकारी पहलों की समीक्षा की गई। बैठक में विशेष रूप से ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को गति देने और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि स्वदेशी उद्योगों को मजबूत करने और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है। इसी क्रम में 12 जनवरी से 23 जनवरी तक ‘स्वदेशी संकल्प दौड़’ को देशभर में आयोजित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को स्वदेशी उत्पादन और उपभोग की भावना से जोड़ना है।
बोर्ड ने माना कि ‘स्वदेशी संकल्प दौड़’ जैसे कार्यक्रम न केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देंगे, बल्कि छोटे व्यापारियों और खुदरा दुकानदारों को भी मजबूती प्रदान करेंगे। बैठक में यह भी कहा गया कि वोकल फॉर लोकल केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में जनआंदोलन है।
इस बैठक में देशभर के विभिन्न व्यापार संगठनों का प्रतिनिधित्व करने वाले गैर-सरकारी सदस्य, विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि, तथा भारत सरकार के 9 मंत्रालयों और विभागों के पदेन सदस्य (Ex-officio Members) उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान व्यापारियों के कल्याण, नीति निर्माण में उनकी भागीदारी, और केंद्र व राज्यों के बीच बेहतर समन्वय पर भी विचार-विमर्श किया गया। बोर्ड ने आशा जताई कि इन पहलों से देश का खुदरा व्यापार क्षेत्र और अधिक संगठित, सशक्त और प्रतिस्पर्धी बनेगा।
रिपोर्ट : कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी


























