प्रिया सिन्हा /केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से की मुलाकात.कृषि एवं ग्रामीण विकास के लिए समग्र सुझाव सौंपे.केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हाल के सप्ताहों में देश के विभिन्न राज्यों और दिल्ली में किए गए व्यापक संवाद से प्राप्त विचारों व सुझावों का एक समग्र दस्तावेज वित्त मंत्री को सौंपा।
कृषि मंत्री ने बताया कि अपने दौरों के दौरान उन्होंने प्रगतिशील किसानों, कृषि विशेषज्ञों, स्वयं सहायता समूहों (SHGs), सहकारी संस्थाओं, ग्रामीण उद्योगों तथा कृषि और वित्त मंत्रालय से संबंधित राष्ट्रीय स्तर की संस्थाओं के वरिष्ठ प्रतिनिधियों से गहन चर्चा की। इन संवादों में किसानों की आय बढ़ाने, लागत घटाने, मूल्य संवर्धन, बाजार तक पहुंच, सहकारिता के सशक्तीकरण और ग्रामीण रोजगार सृजन जैसे अहम मुद्दों पर ठोस सुझाव सामने आए।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इन चर्चाओं से निकले सुझावों को कृषि एवं ग्रामीण विकास की समग्र रणनीति के रूप में संकलित किया गया है, ताकि आगामी बजटीय और नीतिगत निर्णयों में किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने प्रस्तुत सुझावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों और ग्रामीण भारत की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए सरकार निरंतर प्रयासरत है और प्राप्त इनपुट्स नीति निर्माण में सहायक होंगे।
यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब सरकार कृषि क्षेत्र में सुधार, ग्रामीण बुनियादी ढांचे के विस्तार और समावेशी विकास पर विशेष जोर दे रही है।
रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी
सौजन्य: Ministry of Agriculture & Farmer’s Welfare, Government of India




























