Kaushlendra Pandey /केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने अबू धाबी का दौरा सफलतापूर्वक संपन्न किया। इस दौरान स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में निवेश और द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए उच्चस्तरीय बैठकों और निवेश संबंधी चर्चाओं पर विशेष जोर दिया गया। इन बैठकों से भारत–यूएई के बीच स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा में साझेदारी को नई गति मिलने की उम्मीद है।
दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने अबू धाबी स्थित बीएपीएस हिंदू मंदिर, दुबई के जेबेल अली गांव स्थित हिंदू मंदिर तथा दुबई के गुरुनानक दरबार गुरुद्वारा का भी भ्रमण किया और प्रार्थना अर्पित की। इन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक स्थलों की यात्रा ने भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच जन-जन के संबंधों की मजबूती को रेखांकित किया।
मंत्री जोशी की इन यात्राओं के माध्यम से सद्भाव, समावेशिता और पारस्परिक सम्मान जैसे साझा मूल्यों का संदेश भी दिया गया। यह दौरा न केवल ऊर्जा सहयोग को सुदृढ़ करने वाला रहा, बल्कि भारत–यूएई संबंधों के सांस्कृतिक आयाम को भी और गहरा करने वाला साबित हुआ।




























