सौरभ निगम:भारतीय रेल अपने आधुनिकीकरण की यात्रा में एक और अहम उपलब्धि जोड़ने जा रही है। वंदे भारत एक्सप्रेस के स्लीपर संस्करण के शुरू होने के साथ ही देश में लंबी दूरी की रात्रिकालीन रेल यात्रा अब और अधिक तेज़, सुरक्षित व आरामदायक होने जा रही है।
आधुनिक यात्रियों की बदलती अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए डिज़ाइन की गई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का उद्देश्य रात की यात्राओं को केवल गंतव्य तक पहुँचने का साधन नहीं, बल्कि एक सुखद अनुभव बनाना है। इसमें अत्याधुनिक तकनीक, बेहतर सुरक्षा सुविधाएँ और यात्री-अनुकूल व्यवस्थाएँ शामिल की गई हैं, ताकि किफायती किराए पर प्रीमियम सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
भारतीय रेल की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन असम के गुवाहाटी और पश्चिम बंगाल के हावड़ा के बीच चलाई जाएगी। इस ट्रेन के परीक्षण, ट्रायल और प्रमाणन की पूरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। जनवरी माह में इस ट्रेन को इस महत्वपूर्ण रूट पर जल्द हरी झंडी दिखाए जाने की तैयारी है।
गुवाहाटी–हावड़ा कॉरिडोर पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत को जोड़ने वाला एक प्रमुख मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन हजारों छात्र, कामगार, व्यापारी और परिवार यात्रा करते हैं। नई वंदे भारत स्लीपर सेवा से दोनों क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है और रात्रिकालीन रेल यात्रा का अनुभव पूरी तरह बदल जाएगा।
तेज़ रफ्तार और आधुनिक डिज़ाइन के साथ यह ट्रेन यात्रा समय में कमी लाएगी और यात्रियों को स्मूद, सुरक्षित और आरामदायक सफर प्रदान करेगी। लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों के लिए यह बेहतर आराम, उन्नत सुरक्षा और अधिक भरोसेमंद यात्रा विकल्प साबित होगी।
स्रोत: रेल मंत्रालय, भारत सरकार
रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी




























