सौरभ निगम/नई दिल्ली: केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी ने आज नई दिल्ली में पीएम विश्वकर्मा हाट 2026 का उद्घाटन किया। यह आयोजन राजधानी के दिल्ली हाट में 18 से 31 जनवरी तक आयोजित किया जा रहा है, जहां भारत की समृद्ध पारंपरिक कारीगरी और हस्तशिल्प विरासत को उत्साह और भव्यता के साथ प्रदर्शित किया जा रहा है।
पीएम विश्वकर्मा हाट 2026 का उद्देश्य देशभर के कारीगरों, शिल्पकारों और पारंपरिक पेशे से जुड़े हुनरमंदों को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपने उत्पादों को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचा सकें। इस आयोजन के माध्यम से ‘पीएम विश्वकर्मा योजना’ के तहत कारीगरों को आर्थिक सशक्तिकरण, पहचान और बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।
उद्घाटन अवसर पर मंत्री श्री मांझी ने कहा कि सरकार पारंपरिक कारीगरों की कला और कौशल को संरक्षित करने के साथ-साथ उन्हें आधुनिक बाजार की जरूरतों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलता है और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को मजबूती मिलती है।
यह प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से रात 10:00 बजे तक आम जनता के लिए खुली रहेगी। यहां देश के विभिन्न राज्यों से आए कारीगरों द्वारा हस्तनिर्मित उत्पाद, पारंपरिक कलाकृतियां, हथकरघा वस्त्र, लकड़ी, धातु और मिट्टी से बने शिल्प प्रदर्शित किए जा रहे हैं।
रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी


























