राष्ट्रभक्ति से अनुप्राणित वातावरण में प्राचार्य, शिक्षक एवं विद्यार्थियों की सहभागिता के साथ रमेश्वर महाविद्यालय में 77वाँ गणतंत्र दिवस समारोह संपन्न
रमेश्वर महाविद्यालय, मुज़फ्फरपुर में सोमवार, 26 जनवरी 2026 को भारत का 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) श्यामल किशोर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अपने अध्यक्षीय संबोधन में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र-छात्राएँ केवल डिग्री प्राप्त करने तक स्वयं को सीमित न रखें, बल्कि नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं कर्तव्यबोध को अपने जीवन का स्थायी आधार बनाएं।
उन्होंने कहा कि यदि हम “आत्मनिर्भर भारत” एवं “विकसित भारत” की संकल्पना को साकार होते देखना चाहते हैं, तो इसका प्रथम चरण स्वयं के चरित्र निर्माण से होकर गुजरता है। अनुशासन, ईमानदारी और सामाजिक उत्तरदायित्व के बिना कोई भी राष्ट्र प्रगति की दिशा में आगे नहीं बढ़ सकता।
प्राचार्य महोदय ने अपने संबोधन में महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के सतत परिश्रम, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की उच्च सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षकगण एवं कर्मचारियों की संयुक्त प्रतिबद्धता के कारण ही महाविद्यालय शैक्षणिक एवं प्रशासनिक क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है, जो संस्थान के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वामी भावात्मानंद जी, सचिव, रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम, ने अपने प्रेरक उद्बोधन में स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि युवा वर्ग अनुशासित, शक्तिशाली एवं चरित्रवान बन जाए, तो राष्ट्र का विकास स्वतः सुनिश्चित हो जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को आत्मसात कर आत्मविश्वास, सेवा-भाव एवं राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान एन.सी.सी. एवं एन.एस.एस. के छात्र-छात्राओं द्वारा अनुशासनपूर्ण, सशक्त एवं प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें देशभक्ति की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का मंच संचालन प्रो. रजनी रंजन, दर्शनशास्त्र विभाग द्वारा अत्यंत प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं ओजपूर्ण ढंग से किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) दिनेश चंद्र राय, बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय, मुज़फ्फरपुर द्वारा हमारे कर्मठ प्राचार्य एवं रमेश्वर महाविद्यालय की प्रशंसा किया जाना हम सभी के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। इससे महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारी और अधिक उत्साह, निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों के निर्वहन हेतु प्रेरित हुए हैं।
धन्यवाद ज्ञापन भी प्रो. रजनी रंजन द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने मुख्य अतिथि, प्राचार्य महोदय, शिक्षकगण, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का सम्मान, प्रसाद वितरण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी आयोजित की गईं। समारोह में महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहीं। संपूर्ण महाविद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय चेतना से अनुप्राणित रहा।
डॉ. एनी जोयाAssistant Professor (G.T.)महाविद्यालय मीडिया प्रभारी
रमेश्वर महाविद्यालय
बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय, मुज़फ्फरपुर