Kaushlendra Pandey /नीतीश कुमार ने आज पटना में कुर्जी नाला (राजीव नगर नाला) निर्माण योजना तथा आनंदपुरी नाला निर्माण योजना का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता से कोई समझौता न करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य को तेजी से पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को वर्षों पुरानी जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि नाले के ऊपर प्रस्तावित टू-लेन सड़क के निर्माण से स्थानीय निवासियों को सुगम, सुरक्षित और तेज यातायात की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि निर्माण के दौरान तकनीकी मानकों और सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त किए बिना शहरों का समुचित विकास संभव नहीं है।
निरीक्षण के समय नगर विकास विभाग एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
























