पटना. 01 मार्च, 2026/
पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में सेंट्रल पैनल के दो महत्त्वपूर्ण पदों पर कांग्रेस के छात्र विंग एनएसयूआई समर्थित उम्मीदवारों के प्रचंड जीत पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने हर्ष जाहिर करते हुए कहा कि यह राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की सामाजिक न्याय की लड़ाई की जीत है। उन्होंने कहा कि भाजपा आरएसएस के छात्र संगठन एबीवीपी और बिहार के राजनीतिक दल जदयू को स्पष्ट संदेश है कि सामाजिक न्याय की लड़ाई में कांग्रेस के संघर्ष के साथ आज की युवा पीढ़ी खड़ी है। बिहार के प्रबुद्ध विश्वविद्यालय के छात्रों ने अपना राजनीतिक संदेश इस छात्रसंघ चुनाव परिणाम से दे दिया है। एनएसयूआई से सेंट्रल पैनल पर जीते पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष शांतनु शेखर यादव और महासचिव पद पर निर्वाचित खुशी कुमारी को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि जहां बिहार में एनडीए शासन में छात्राएं पटना में सुरक्षित नहीं है और विश्वविद्यालय को केंद्रीय विवि बनाने की पहल पर कुंडली मार कर केंद्र और राज्य की सत्ता बैठी है वैसे में पटना विश्वविद्यालय के छात्रों ने स्पष्ट तौर पर निरंकुश सत्ता को संदेश दे दिया है कि दमनकारी और संविधान विरोधी सरकार और उनके छात्र संगठनों को हर बार मुंह की खानी पड़ेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जिस तरीके से आरएसएस और भाजपा ने कैंपस का शुद्ध राजनीतीकरण किया है और बहालियों में अपने संगठन के माध्यम से बहालियों को प्रभावित कर विश्वविद्यालय कैंपस को अराजकता में झोंक दिया है यह जनादेश उन्हें चेतावनी के तौर पर लेना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने इस जीत का श्रेय एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष जयशंकर प्रसाद उर्फ सूरज यादव, प्रभारी सत्यम कुशवाहा और एनएसयूआई के सभी छात्र नेताओं को देते हुए बधाई देकर कहा कि राहुल गांधी के बताए रास्तों पर चलकर सामाजिक न्याय की इस लड़ाई को बुलंद करने वाले छात्रनेताओं ने सत्ता के सामने आत्मसमर्पण नहीं करके संघर्ष का रास्ता चुना और आज सफलता मिली। लगातार अध्यक्ष पद पर सत्ता संपोषित संघी कुलपति और प्रोफेसर्स के द्वारा परिणामों की हेराफेरी को भी इस बार एनएसयूआई और पटना विश्वविद्यालय के छात्र छात्राओं ने सिरे से नकार दिया।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारू ने भी हर्ष जाहिर करते हुए इस चुनाव परिणाम के दूरगामी प्रभाव वाला बताया। साथ ही उन्होंने आने वाले समय में राहुल गांधी के सामाजिक न्याय की लड़ाई की वास्तविक जीत बताते हुए कहा कि राज्य और केंद्र की सरकारी मशीनरी के निरंकुशता को पटना विश्वविद्यालय के छात्र छात्राओं ने तोड़ने का काम किया है।
पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में जीत पर अध्यक्ष शांतनु शेखर और महासचिव खुशी कुमारी को विधान परिषद में दल के नेता डॉ. मदन मोहन झा, प्रेमचन्द्र मिश्रा, राजेश राठौड़, कपिलदेव प्रसाद यादव, कुमार आशीष, असित नाथ तिवारी , डॉ स्नेहाशीष वर्धन पाण्डेय, डॉ शशि रंजन, शशांत शेखर, सौरभ कुमार, मनोरंजन कुमार ने भी बधाई दी है।



























